पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय भैंस चोर गिरोह गिरफ्तार, दो बदमाश घायल

29 और 30 अप्रैल की रात मंझनपुर थाना क्षेत्र के बंधवा रजबर और भेलखा गांव में भैंस चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर मंझनपुर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय भैंस चोर गिरोह गिरफ्तार, दो बदमाश घायल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कौशाम्बी से राहुल भट्ट की रिपोर्ट —

कौशाम्बी/जनमत न्यूज। कौशाम्बी जिले में मंझनपुर पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंस चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच भैंसें, एक पिकअप वाहन, अवैध तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 29 और 30 अप्रैल की रात मंझनपुर थाना क्षेत्र के बंधवा रजबर और भेलखा गांव में भैंस चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के निर्देश पर मंझनपुर थाना पुलिस और सर्विलांस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल बदमाश पतौना पुल की तरफ से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब वाहन रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, 10 हजार 300 रुपये नकद, चोरी की पांच भैंसें तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने मंझनपुर और कौशाम्बी थाना क्षेत्रों में कई भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। घायल बदमाशों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी हुई है।