किसानों और जनता की समस्याओं को लेकर हरदोई में सपा का जोरदार प्रदर्शन
सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी की और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा।
सपा नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा, सरकार पर लगाए विफलता के आरोप
हरदोई/जनमत न्यूज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर शनिवार को हरदोई में सपा नेताओं ने किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी की और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा।
इस दौरान सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप ने सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने किसानों की आय आधी कर दी है। न तो खाद मिल रही है और न ही फसलों का बीज उपलब्ध हो रहा है। किसान दिन-रात खेत की रखवाली करने के बाद भी खाद के लिए लंबी लाइनों में खड़े रहने को मजबूर हैं।
डॉ. कश्यप ने चेतावनी दी कि यदि किसानों व आम जनता की समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो सपा कार्यकर्ता फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और खराब सड़कों ने जनता का जीना मुश्किल कर दिया है।
पूर्व सांसद व पूर्व मंत्री उषा वर्मा ने कहा कि सरकार किसानों को डीएपी और खाद तक उपलब्ध कराने में विफल है। बाढ़ पीड़ितों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है और आने वाले दिनों में महामारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह किसानों व आम जनता को राहत उपलब्ध कराए और जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान दे। प्रदर्शन में भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।




