यूपी सरकार के 8 साल पूरे, सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या बयान दिया

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के आठ वर्षों का कार्यकाल पूरा हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायक मार्गदर्शन और उनके दूरदर्शी नेतृत्व में सेवा, सुरक्षा और सुशासन के साथ उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार के आठ साल पूरे हुए हैं।

यूपी सरकार के 8 साल पूरे, सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या बयान दिया

लखनऊ (जनमत ):उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के आठ वर्षों का कार्यकाल पूरा हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायक मार्गदर्शन और उनके दूरदर्शी नेतृत्व में सेवा, सुरक्षा और सुशासन के साथ उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार के आठ साल पूरे हुए हैं। मैं उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता का उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त करता हूं।"

सीएम योगी ने आगे कहा, "आठ साल पहले यूपी में अराजकता का दौर था और पहचान का संकट था। सरकार बदलने के बाद सब कुछ ठीक हो गया। पहले यूपी को बीमारू राज्य माना जाता था। बेटियां और व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे, और किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे। अब हालात सुधर चुके हैं। आज कृषि क्षेत्र में यूपी सबसे आगे है और हमने किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की है।" 

सीएम योगी ने यह भी कहा कि अब यूपी देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख इंजन बन चुका है। सेवा, सुरक्षा और सुशासन के आठ सालों में यूपी ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। "यूपी की जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है और आज राज्य देश के विकास को एक नई दिशा दे रहा है। डबल इंजन सरकार के तहत यूपी में समग्र विकास हुआ है।"

उन्होंने यह भी बताया कि यूपी में देश का सबसे बड़ा पुलिस ट्रेनिंग सेंटर है और 2 लाख 16 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है। सीएम योगी ने घोषणा की कि 25, 26 और 27 मार्च को हर जिला मुख्यालय पर सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का उत्सव मनाया जाएगा। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में सभी लाभार्थियों, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा। 

सीएम योगी ने कहा कि आठ साल पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति क्या थी, यह सब जानते हैं। उस समय प्रदेश की अर्थव्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर क्या था, यह किसी से छिपा नहीं है। तब यह प्रदेश किसान आत्महत्या, पहचान के संकट और अराजकता से जूझ रहा था। लेकिन अब वही प्रदेश देश की आर्थिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। 

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश वही है, तंत्र वही है, लेकिन सरकार बदलने से कैसे बड़े बदलाव आ सकते हैं, इसे महसूस किया जा रहा है। सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से निकलकर अब देश की आर्थिक प्रगति का इंजन बन चुका है। कृषि क्षेत्र में 2017 से पहले जो उपेक्षा थी, वह अब समाप्त हो चुकी है। उत्तर प्रदेश कृषि प्रधान राज्य था और यहां प्राकृतिक संसाधनों की भरमार थी। 2017 से पहले किसान आत्महत्या कर रहे थे और कृषि क्षेत्र में एक वीरानी छाई हुई थी। अब कृषि क्षेत्र में 13.5% से अधिक की विकास दर प्राप्त हुई है, जिससे प्रदेश की जीडीपी में 28% की वृद्धि हुई है। इसका श्रेय पहले कैबिनेट के फैसलों को जाता है, जिसमें 36 हजार करोड़ रुपये की कर्ज माफी का निर्णय लिया गया था।

Published By: Satish Kashyap