केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली मारकर हत्या, बहन की स्थिति नाजुक

भागलपुर में गुरुवार सुबह केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना नवगछिया के जगतपुर गांव में हुई। पारिवारिक विवाद में गोली चली, जिसमें मंत्री के भांजे की जान चली गई।

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली मारकर हत्या, बहन की स्थिति नाजुक

भागलपुर (जनमत): बिहार में अपराध बढ़ रहा है। विपक्षी दल इसी बात को लेकर सरकार पर हमला कर रहे हैं। इसी बीच, विपक्ष को एक और मुद्दा मिल गया है। भागलपुर में गुरुवार सुबह केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना नवगछिया के जगतपुर गांव में हुई। पारिवारिक विवाद में गोली चली, जिसमें मंत्री के भांजे की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, नित्यानंद राय के दो भांजे, जयजीत यादव और विकल यादव के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे पर गोली चला दी। इस गोलीबारी में विकल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जयजीत यादव गंभीर रूप से घायल है। नित्यानंद राय की बहन को भी गोली लगी है।

दोनों घायल मां-बेटे को इलाज के लिए भागलपुर के एक प्राइवेट क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। जयजीत की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। इस घटना पर अभी तक राज्यमंत्री नित्यानंद राय या उनके परिवार की ओर से कोई बयान नहीं आया है।

फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि झगड़े की असली वजह क्या थी। वे यह भी जांच कर रहे हैं कि गोलीबारी में कौन-कौन शामिल था। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। लोग डरे हुए हैं और अपने घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है।

Published By: Satish Kashyap