अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में लगाए गए जय श्रीराम के नारे, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह बोले-इतिहास रच गया
उप्र सरकार के उद्यान, कृषि विपणन एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने AMU के कैनेडी हॉल में आयोजित मंडलीय औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी के दौरान जय श्री राम और हर-हर महादेव के नारे लगाए।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट
अलीगढ़/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के कैनेडी हॉल में शुक्रवार को आयोजित मंडलीय औद्यानिक उन्नयन गोष्ठी के दौरान जय श्री राम और हर-हर महादेव के नारे लगाए।
AMU के इतिहास का यह पहला मौका है जब आजादी के बाद से अब तक प्रदेश सरकार के किसी मंत्री की जनसभा में इस तरह का भाषण व धार्मिक नारे लगाए गए हैं। योगी सरकार के मंत्री AMU में करीब 56 मिनट दहाड़े।
अपने संबोधन में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि यदि नकवी पार्क का नाम बदलकर जवाहर पार्क किया जा सकता है तो जवाहर पार्क का नाम अलीगढ़ के किसी सपूत के नाम पर भी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में भारतीय संस्कार और संस्कृति के संवर्धन के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे। मंत्री का संबोधन अलीगढ़ की पावन भूमि को नमन करते हुए भारत माता के जयकारे से शुरू हुआ और समापन जय श्री राम और हर हर महादेव के नारों के साथ हुआ।
उद्यान राज्य मंत्री ने बृहस्पतिवार को एएमयू के अतिथि गृह में रात्रि विश्राम किया और सुबह पुस्तकालय और संग्रहालय का निरीक्षण किया। इस गोष्ठी में मेरठ, अलीगढ़ व आगरा मंडल के आठ जिलों के किसान शामिल हुए।
गोष्ठी केंद्र सरकार के 12 वर्ष व उत्तर प्रदेश में सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने सरकार की विभिन्न योजनाओं, कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में हुए कार्यों पर प्रकाश डाला। वहीं, उनके द्वारा लगाए गए धार्मिक नारों की चर्चा भी कार्यक्रम के बाद पूरे परिसर और शहर में होती रही।
16 करोड़ की 70 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास
उद्यान राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने प्रदेश के चार जिलों में कृषि विकास और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए 16 करोड़ रुपये से अधिक की 70 परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं में अलीगढ़ और हाथरस में हाईटेक नर्सरी की स्थापना शामिल है।
प्रत्येक नर्सरी पर 1 करोड़ 9 लाख 31 हजार रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। बुलंदशहर में चार राजकीय प्रक्षेत्रों और दो पौधशालाओं का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 13 करोड़ 22 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
एटा जनपद में एक राजकीय पौधशाला का भी सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस परियोजना पर 74 लाख रुपये की लागत आएगी। कुल मिलाकर, इन विकास कार्यों पर 16 करोड़ 14 लाख 62 हजार रुपये का निवेश किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य कृषि उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि करना है। मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रगतिशील किसानों को अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बताया।

Janmat News 
