शाहजहांपुर: हरनहाई कांड पर बिफरे पूर्व एमएलसी कुंवर जयेश प्रसाद, बोले- प्रदेश में अराजकता चरम पर

उप्र के शाहजहांपुर जनपद के खुटार थाना क्षेत्र के हरनहाई गांव में हुए चर्चित प्रकरण को लेकर पूर्व एमएलसी कुंवर जयेश प्रसाद ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला।

शाहजहांपुर: हरनहाई कांड पर बिफरे पूर्व एमएलसी कुंवर जयेश प्रसाद, बोले- प्रदेश में अराजकता चरम पर
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद के खुटार थाना क्षेत्र के हरनहाई गांव में हुए चर्चित प्रकरण को लेकर पूर्व एमएलसी कुंवर जयेश प्रसाद ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। शनिवार को हरनहाई गांव पहुंचकर उन्होंने पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

कुंवर जयेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि झूठी रिपोर्ट के आधार पर एक निर्दोष ग्रामीण को गोली मारकर फर्जी मुठभेड़ का रूप दिया गया। इसके बाद विरोध कर रहे ग्रामीणों पर पुलिस ने बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया, जिसमें महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र नहीं बल्कि पुलिसिया दमन का उदाहरण है।

पूर्व एमएलसी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। महंगाई, भ्रष्टाचार, घोटाले, फर्जी एनकाउंटर और अपराधों से जनता त्रस्त है। निर्दोष लोगों को अपराधी बनाकर उन पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि असली दोषियों को संरक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरनहाई गांव के लोगों के साथ समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से खड़ी है। इस मामले की शिकायत शासन और पुलिस के उच्च अधिकारियों से की गई है तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

कुंवर जयेश प्रसाद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला और निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वह इस लड़ाई को हाईकोर्ट तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

साथ ही उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस मामले में दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें जेल भेजने का काम किया जाएगा।

पूर्व एमएलसी के दौरे के बाद हरनहाई कांड ने एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल पैदा कर दी है।