संभल: पुरानी रंजिश और पत्नी को भगा ले जाने के विवाद में युवक की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

उप्र के संभल जनपद के चंदौसी में सोमवार शाम बीच सड़क हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

संभल: पुरानी रंजिश और पत्नी को भगा ले जाने के विवाद में युवक की हत्या का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के चंदौसी में सोमवार शाम बीच सड़क हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश और आरोपी की पत्नी को एक वर्ष पूर्व भगा ले जाने के विवाद के चलते युवक की हत्या की गई थी। आरोपी के कब्जे से आलाकत्ल भी बरामद हुआ है।

चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 6 बजे आईटीआई कॉलेज के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट राजेश प्रजापति की लोहे की राड जैसे हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपी तोताराम पुत्र नत्थू निवासी चंदौसी मौके से फरार हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे चंदौसी कोतवाली पुलिस ने आरोपी तोताराम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल भी बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और आरोपी की पत्नी को एक वर्ष पूर्व भगा ले जाने का विवाद हत्या की वजह सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।