नोएडा के शातिर लुटेरे हरदोई में पुलिस मुठभेड़ में घायल, लाखों की चोरी के बाद दबोचे गए

उप्र के हरदोई जिले में लाखों की चोरी कर फरार हुए नोएडा में सक्रिय दो शातिर लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गए।

नोएडा के शातिर लुटेरे हरदोई में पुलिस मुठभेड़ में घायल, लाखों की चोरी के बाद दबोचे गए
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जिले में लाखों की चोरी कर फरार हुए नोएडा में सक्रिय दो शातिर लुटेरे पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गए।

पांच दिन पहले सिंचाई विभाग के प्रशासनिक अधिकारी सुनील जौहरी के बंद पड़े मकान में ज्वेलरी और नकदी पार करने वाले इन बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

मुठभेड़ के दौरान दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। खास बात यह है कि इनमें से एक बदमाश पहले भी आगरा में व्यापारी पर जानलेवा हमला कर कार लूट के मामले में पुलिस मुठभेड़ में घायल हो चुका है।

थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के आजाद नगर में 17-18 फरवरी की रात वारदात को अंजाम दिया गया था। सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर तैनात सुनील जौहरी परिवार समेत बाहर गए थे, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने पहले दिन में रेकी की और फिर रात में ताला तोड़कर लाखों का माल साफ कर दिया।

मामले के खुलासे में जुटी पुलिस को सूचना मिलने पर बावन रोड बाईपास पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई।

खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी,जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में बिहार के मोतिहारी निवासी कमरुद्दीन और हमीरपुर के धीरेंद्र सिंह उर्फ धीरज घायल हो गए।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार खोखा, दो जिंदा कारतूस, चोरी की ज्वेलरी, लैपटॉप, मोबाइल, नकदी और बाइक बरामद की है।

दोनों के खिलाफ नोएडा, आगरा समेत कई जिलों में लूट,डकैती और आर्म्स एक्ट के संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क की तह तक जाने में जुटी है।