मासूम से दुष्कर्म का प्रयास करने वाला आरोपी मुठभेड़ में घायल, हुआ गिरफ्तार

सराय अकिल थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

मासूम से दुष्कर्म का प्रयास करने वाला आरोपी मुठभेड़ में घायल, हुआ गिरफ्तार
REPORTED BY - RAHUL BHATT , PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

कौशांबी/जनमत न्यूज। सराय अकिल थाना क्षेत्र में चार वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार, बीते रविवार को आरोपी महेश ने अपने पड़ोस की चार साल की बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर सराय अकिल थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

सोमवार देर रात थाना प्रभारी आशुतोष सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी महेश बाकोड़ा गांव के पास भागने की फिराक में छिपा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने मौके से आरोपी के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी चायल अभिषेक सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म प्रयास का मुकदमा दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई थीं और मुखबिर की सूचना पर उसे मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया।