गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर सपा महिला विंग का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

सपा महिला विंग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर सपा महिला विंग का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —

अयोध्या/जनमत न्यूज। धार्मिक नगरी Ayodhya में गैस सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर Samajwadi Party की महिला विंग ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सपा महिला विंग की जिला अध्यक्ष सरोज यादव के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ता सड़कों पर उतरीं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को सफेद कपड़े में लपेटकर उस पर फूल-माला चढ़ाकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। इस अनोखे प्रदर्शन के माध्यम से महिलाओं ने गैस की कमी से हो रही परेशानियों को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।

प्रदर्शन के बाद सपा महिला विंग के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं ने क्षेत्र में गैस सिलेंडर की आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारू कराने की मांग की।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष सरोज यादव ने कहा कि शहर से लेकर गांव तक गैस सिलेंडर की भारी कमी बनी हुई है। गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण घरों में भोजन बनाना मुश्किल हो गया है। कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी या अन्य वैकल्पिक साधनों से खाना बनाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि गैस न मिलने के कारण कई घरों में बच्चों को बिना भोजन के ही स्कूल जाना पड़ रहा है, जो बेहद चिंता का विषय है।

सपा महिला विंग की कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द ठीक किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो पार्टी आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होगी।