औरैया: बिधूना में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, दो बाइक समेत लाखों का सामान जलकर राख

उप्र के औरैया जनपद के बिधूना कस्बे के मोहल्ला जवाहरनगर में शनिवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई।

औरैया: बिधूना में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, दो बाइक समेत लाखों का सामान जलकर राख
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट  

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के बिधूना कस्बे के मोहल्ला जवाहरनगर में शनिवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में घर के अंदर खड़ी दो बाइकें, इन्वर्टर-बैटरा और गृहस्थी का सारा कीमती सामान जलकर राख हो गया।

यह मकान विशाल कुमार पुत्र हृदेश कुमार का है। विशाल वर्तमान में मणिपुर में बीएसएफ (BSF) में सिपाही के पद पर तैनात हैं और घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। घर में उनकी माँ और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।

विशाल के भांजे ऋषभ ने बताया कि शनिवार रात करीब 1:30 बजे फिटनेस जोन जिम के पास स्थित उनके मकान में शॉर्ट सर्किट हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहे 6 लोगों को शुरुआत में इसकी भनक तक नहीं लगी। जब आग की लपटें भड़कीं और धुंआ फैला, तब परिजनों की नींद खुली और आनन-फानन में शोर मचाया।

आग की लपटें देख आसपास के पड़ोसी मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने अपने निजी समरसेबल पंप चलाकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुँच गई। पड़ोसियों और दमकल कर्मियों के सामूहिक प्रयासों से करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

इस हादसे में घर के अंदर खड़ी दो मोटरसाइकिलें (हीरो स्प्लेंडर और टीवीएस अपाचे) पूरी तरह जल गईं। इसके अलावा इन्वर्टर, बैटरा और घर में रखा राशन व अन्य जरूरी सामान भी जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस अग्निकांड में उनका लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।