बरेली पुलिस के हत्थे चढ़ा जिला बदर अपराधी ऋषभ ठाकुर, स्पा सेंटर संचालिका को दी थी धमकी

बजरंग दल से निष्कासित और स्पा सेंटर संचालिका को फोन पर धमकाने व रंगदारी मांगने वाला अपराधी ऋषभ ठाकुर आखिरकार बरेली जनपद की बारादरी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

बरेली पुलिस के हत्थे चढ़ा जिला बदर अपराधी ऋषभ ठाकुर, स्पा सेंटर संचालिका को दी थी धमकी
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट

बरेली/जनमत न्यूज़। बजरंग दल से निष्कासित और स्पा सेंटर संचालिका को फोन पर धमकाने व रंगदारी मांगने वाला अपराधी ऋषभ ठाकुर आखिरकार बरेली जनपद की बारादरी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

ऋषभ समेत पांच लोगों के खिलाफ संचालिका की तहरीर पर शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया था। उसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

बारादरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ऋषभ को सोमवार दोपहर बीडीए कालोनी से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

गौरतलब हो, दो दिन पूर्व ऋषभ ठाकुर के सोशल मीडिया पर वायरल 17 मिनट 31 सेकंड के ऑडियो ने शहर में हड़कंप मचा दिया था। इस ऑडियो में ऋषभ और उसका साथी आशु पीलीभीत रोड पर स्पा सेंटर चलाने वाली संचालिका को बुरी तरह धमकाते हुए सुनाई दे रहे थे।

ऋषभ खुद को ''''कैफे कांड'''' का मुख्य आरोपी बताकर खौफ दिखा रहा था। उसने दावा किया था कि शहर में उसकी मर्जी के बिना कोई ऑफिस नहीं खुलेगा। स्टिंग वीडियो डिलीट करने के बदले उसने ''खर्चा-पानी'' के नाम पर 40 हजार रुपये की मांग की थी।

हद तो तब हो गई जब उसने चुनौती देते हुए कहा कि वह खुद खड़े होकर स्पा खुलवाएगा और अगर कोई रोक ले तो वह अपनी मूंछ मुंडवा लेगा।

हैरानी की बात यह है कि ऋषभ ठाकुर को सुभाष नगर थाने से छह महीने के लिए जिला बदर किया गया था। उसे बदायूं की सीमा में छोड़ा गया था, लेकिन वह पुलिस की बंदिशों को ठेंगा दिखाकर बरेली में न केवल सक्रिय था बल्कि खुलेआम रंगदारी वसूल रहा था।