प्रतापगढ़ में मां-बेटे की निर्मम हत्या से सनसनी, घर में खून से लथपथ मिले शव

रविवार रात हमलावर घर में घुस आए और धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

प्रतापगढ़ में मां-बेटे की निर्मम हत्या से सनसनी, घर में खून से लथपथ मिले शव
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। Pratapgarh जिले के Antu Police Station Area में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर में मां और बेटे के खून से लथपथ शव बरामद हुए। अज्ञात हमलावरों द्वारा धारदार हथियार से की गई इस दोहरे हत्याकांड की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार अंतू थाना क्षेत्र के पारा हमीदपुर गांव में रहने वाली 40 वर्षीय शिवपत्ती मौर्या और उनके 12 वर्षीय बेटे अयान की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रविवार रात हमलावर घर में घुस आए और धारदार हथियार से दोनों पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार शिवपत्ती के पति दिनेश मौर्या रोजी-रोटी के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहते हैं। घटना के समय भी वह घर पर मौजूद नहीं थे। सोमवार सुबह एक शटरिंग मिस्त्री जब उस रास्ते से गुजर रहा था, तब उसकी नजर घर के अंदर पड़े खून से लथपथ शवों पर पड़ी। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस टीम संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।