फतेहपुर: बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्र में कराई मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा

उप्र के फतेहपुर जिले में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज थाना औंग क्षेत्र के बिंदकी फार्म गांव में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया.

फतेहपुर: बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्र में कराई मॉक ड्रिल, आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा
Published By- Diwaker Mishra

फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट

फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जिले में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज थाना औंग क्षेत्र के बिंदकी फार्म गांव में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें बाढ़ जैसी आपदा से निपटने की तैयारियों को परखा गया।

इस मॉक ड्रिल में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक खुद मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों को देखा और संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।

मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दृश्य तैयार कर विभिन्न विभागों ने राहत एवं बचाव कार्यों का लाइव प्रदर्शन किया। इसमें राहत शिविर संचालन, खाद्यान्न वितरण, लाभार्थियों का पंजीकरण, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था जैसी सभी जरूरी प्रक्रियाओं को प्रदर्शित किया गया।

इतना ही नहीं, भवन ध्वस्तीकरण की काल्पनिक स्थिति बनाकर यह भी दिखाया गया कि तेज आंधी, बारिश या बाढ़ में किसी इमारत के गिरने पर उसमें फंसे लोगों को किस तरह सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल उपचार दिया जाएगा। इस दौरान सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का सफल अभ्यास किया गया।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने इस मौके पर सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा के समय त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि जन-धन की हानि को कम से कम किया जा सके।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं।

जिस पर जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि बाढ़ से पहले ही जरूरी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। आपको बता दें कि इस मॉक ड्रिल को प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, राजस्व, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन विभाग सहित कई विभागों के संयुक्त प्रयास से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।