संभल: तेज आंधी और बारिश ने छीनी दो परिवारों की खुशियां, महिला और पुरुष की दर्दनाक मौत
उप्र के संभल जनपद में तेज आंधी और बारिश ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक पुरुष की दर्दनाक मौत हो गई।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में तेज आंधी और बारिश ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक पुरुष की दर्दनाक मौत हो गई।
एक महिला बिजली का खंभा गिरने से उसकी चपेट में आ गई, जबकि दूसरे ग्रामीण की दीवार गिरने से मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
मामला संभल जनपद के गंगहेटा गांव का है। अचानक मौसम बदल गया। तेज आंधी और बारिश के साथ अंधेरा छा गया। इसी दौरान खेत से घर लौट रही नीमवती पत्नी स्वर्गीय दुर्गेश, निवासी हरपारी थाना धनारी, पर बिजली का खंभा टूटकर गिर पड़ा।
अमरपाल ने अपने चाचा की मदद से नीमवती को खंभे के नीचे से निकाला और इलाज के लिए कैला देवी अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने उसे संभल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि नीमवती के पति दुर्गेश की करीब छह महीने पहले मौत हो चुकी थी। वह 27 अप्रैल को अपनी मां के घर एक शादी समारोह में शामिल होने आई थी और तभी से अपने मायके में रह रही थी।
मेरी बहन खेत पर खाना देने आई थी। आंधी आने लगी तो मैं एक बगीचे में रुक गया, लेकिन बहन बच्चों के घर पर अकेले होने की बात कहकर वापस जाने लगी। तभी रास्ते में बिजली का खंभा उसके ऊपर गिर गया।
इसी गांव में आंधी के दौरान दूसरी घटना भी सामने आई। गांव निवासी भगवान सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह छप्पर के नीचे बैठे थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल ले गए, जहां से उन्हें रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही संभल के नायब तहसीलदार अरविंद कुमार और थाना प्रभारी राधेश्याम शर्मा मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लगातार हो रही बारिश और तेज आंधी के चलते ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।


