संभल: ASI की संरक्षित भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो मकानों को किया ध्वस्त

उप्र के संभल जनपद में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की संरक्षित भूमि पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

संभल: ASI की संरक्षित भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, दो मकानों को किया ध्वस्त
Published By- Diwaker Mishra

संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट  

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की संरक्षित भूमि पर हुए अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

बुलडोजर चलाकर दो मकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि दो अन्य ग्रामीणों ने स्वयं ही अपने मकान तोड़ने शुरू कर दिए। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में करीब 30 से 32 मकानों द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई।

पूरा मामला जनपद के थाना कैला देवी क्षेत्र के गांव सोनम मोहम्मदपुर का है, जहां राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संभल के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देश के बाद यह कार्रवाई  लाई गई।

अधिकारियों ने दो दिन पहले करीब 29 लाख रुपये की लागत से पुनर्निर्मित कारवां सराय गेट का निरीक्षण किया था और अवैध कब्जे हटाने के आदेश दिए थे। यह भूमि लगभग 3600 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली हुई है, जो किले का हिस्सा है और जिसका संरक्षण ASI द्वारा किया जाता है।

आज जब राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तो प्रशासन की सख्ती को देखते हुए एक ग्रामीण ने तुरंत अपना मकान तोड़ना शुरू कर दिया, जबकि दूसरे ने 8 दिन का समय मांगा है। प्रशासन द्वारा दो मकानों को ध्वस्त कर दिया गया है, जबकि अन्य मकान मालिक भी स्वयं ही अतिक्रमण हटाने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, किले की इस भूमि पर 30 से 32 लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर मकान बना लिए थे। सभी कब्जाधारियों को जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

राजस्व विभाग के मुताबिक, 15 से 16 ऐसे लोग हैं जिनके पास रहने के लिए कोई अन्य जगह नहीं है। ऐसे लोगों के लिए ग्राम समाज की भूमि पर गांव में ही लगभग 200 गज जमीन आवंटित करने की प्रक्रिया की जाएगी।