रायबरेली में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, 18 हजार रुपये रिश्वत लेते वन दरोगा गिरफ्तार
उप्र के रायबरेली जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के दरोगा संजय यादव को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के दरोगा संजय यादव को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, एंटी करप्शन टीम को वन दरोगा द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रेंज कार्यालय में 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
सूत्रों के मुताबिक, एंटी करप्शन टीम आरोपी के खिलाफ बछरावां थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। वहीं, घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों और अधिकारियों को स्पष्ट संदेश गया है कि रिश्वतखोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और लोग एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।

Janmat News 
