रायबरेली: चोरी की बिजली केबल के साथ भाजपा नेता संजय पासी गिरफ्तार, कई मुकदमे पहले से हैं दर्ज

उप्र के रायबरेली जनपद की शहर कोतवाली पुलिस ने बिजली केबल चोरी के मामले में भाजपा नेता संजय पासी को गिरफ्तार किया है।

रायबरेली: चोरी की बिजली केबल के साथ भाजपा नेता संजय पासी गिरफ्तार, कई मुकदमे पहले से हैं दर्ज
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद की शहर कोतवाली पुलिस ने बिजली केबल चोरी के मामले में भाजपा नेता संजय पासी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई करीब पांच मीटर मोटी बिजली केबल बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक 25/26 अप्रैल 2026 की रात चंपा देवी मंदिर अंडरपास के पास रखी 33 केवी विद्युत लाइन की तीन ड्रम केबल चोरी हो गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्युत विभाग की ओर से शहर कोतवाली में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की गई भारी-भरकम केबल को ट्रकों के माध्यम से मौके से हटाया गया था। पुलिस ने मामले की पड़ताल करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने त्रिपुला चौराहे के पास से संजय पासी निवासी ग्राम हिलंगी, थाना हरचंदपुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के साथ बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी संजय पासी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार संजय पासी के खिलाफ हरचंदपुर और शहर कोतवाली समेत जिले के विभिन्न थानों में चोरी, मारपीट, आपराधिक षड्यंत्र सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस अब इस पूरे मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। चोरी की गई तीन ड्रम केबल को ट्रकों के जरिए हटाए जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।