मुहर्रम पर परंपरागत हाउस अरेस्ट, राजा उदय प्रताप सिंह को फिर नजरबंद किया गया

कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह को जिला प्रशासन ने एक बार फिर हाउस अरेस्ट कर दिया है। मुहर्रम के मद्देनजर भदरी महल आवासीय परिसर से बाहर उनके भ्रमण पर रोक लगा दी गई है।

मुहर्रम पर परंपरागत हाउस अरेस्ट, राजा उदय प्रताप सिंह को फिर नजरबंद किया गया
REPORTED BY - VIKAS GUPTA, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह को जिला प्रशासन ने एक बार फिर हाउस अरेस्ट कर दिया है। मुहर्रम के मद्देनजर भदरी महल आवासीय परिसर से बाहर उनके भ्रमण पर रोक लगा दी गई है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए यह कदम एहतियातन उठाया गया है। एसडीएम कुंडा वाचस्पति सिंह के आदेश पर थाना प्रभारी कुंडा ने नोटिस चस्पा कर राजा उदय प्रताप सिंह और उनके करीब एक दर्जन सहयोगियों को हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी दी।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बीते आठ वर्षों से लगातार मुहर्रम के अवसर पर राजा उदय प्रताप सिंह को इसी तरह नजरबंद किया जाता रहा है। बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व शेखपुर में एक बंदर की मौत पर आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में हिंदू समुदाय की भीड़ उमड़ी थी। तभी से प्रशासन ने इसे संवेदनशील माना और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए हाउस अरेस्ट की परंपरा शुरू हुई।

भदरी महल के बाहर अन्य जनपद से अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह कदम किसी वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि एहतियात के तौर पर उठाया गया है। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मुहर्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

राजा उदय प्रताप सिंह के समर्थकों का कहना है कि एक बुजुर्ग हिंदू राजा को हर वर्ष इस तरह नजरबंद करना लोकतांत्रिक मर्यादा का उल्लंघन है, लेकिन प्रशासन इसे सार्वजनिक शांति के हित में अनिवार्य बता रहा है।