औरैया के सूरजपुर हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद

उप्र के औरैया जनपद के थाना बिधूना क्षेत्र के ग्राम सूरजपुर में हुई वृद्ध महिला की निर्मम हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

औरैया के सूरजपुर हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के थाना बिधूना क्षेत्र के ग्राम सूरजपुर में हुई वृद्ध महिला की निर्मम हत्या का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतका के आभूषण सहित अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में थाना बिधूना, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई में आरोपी टीटू उर्फ आशीष द्विवेदी पुत्र स्वर्गीय रामकरन द्विवेदी निवासी सूरजपुर को कमलपुर नहर पट्टी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतका के कानों के कुंडल, पायल, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को ग्राम सूरजपुर स्थित एक बंद मकान में 65 वर्षीय वृद्ध महिला संतोष कुमारी का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी।

मौके पर पहुंची पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के पुत्र जैनेन्द्र कुमार की तहरीर पर थाना बिधूना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका उसकी रिश्ते में बुआ लगती थीं और गांव में अकेली रहती थीं।

25 मई की रात वह उनके घर गया था, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी के अनुसार मृतका द्वारा उसकी मां के संबंध में की गई कथित अभद्र टिप्पणी और थप्पड़ मारने से वह आक्रोशित हो गया।

आरोपी ने बताया कि शराब के नशे में उसने रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कुर्सी पर बैठी बुआ की गर्दन पर चाकू से कई वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद उसने मृतका के शरीर से कुंडल और पायल उतार लिए, मोबाइल फोन बाथरूम में फेंक दिया तथा घर के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर फरार हो गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार, उपनिरीक्षक यतेन्द्र कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।