गाजियाबाद सूर्या हत्याकांड: मुख्य आरोपी असद के घर पर चलेगा बुलडोजर ! चस्पा हुआ नोटिस
गाजियाबाद के सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड में प्रशासन ने मुख्य आरोपी असद के घर नोटिस चस्पा किया। 15 दिन में अवैध कब्जा हटाने का अल्टीमेटम, पीड़ित परिवार से मिले मंत्री।
गाजियाबाद/जनमत न्यूज़: सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड में प्रशासन ने मुख्य आरोपी असद के परिवार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। खोड़ा क्षेत्र के नवनीत विहार स्थित असद के मकान पर उप जिलाधिकारी द्वारा जारी नोटिस चस्पा किया गया है। प्रशासन ने ढोल-नगाड़ों और लाउडस्पीकर के माध्यम से पूरे इलाके में मुनादी कराते हुए 15 दिनों के भीतर कथित अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया है।
अधिकारियों के अनुसार यह संपत्ति असद के पिता के नाम पर दर्ज है। प्रशासन का कहना है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अवैध निर्माण या कब्जा नहीं हटाया गया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ढोल बजाकर की गई मुनादी
रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में इलाके में मुनादी कराई गई। लाउडस्पीकर के माध्यम से स्थानीय लोगों को नोटिस की जानकारी दी गई और चेतावनी दी गई कि समयसीमा समाप्त होने के बाद कार्रवाई की जा सकती है। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
पीड़ित परिवार से मिले मंत्री
इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने मृतक सूर्या प्रताप चौहान के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
परिजनों ने अन्य आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की
गौरतलब है कि 28 मई को 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान की हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी असद की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। इसके बाद मृतक की मां और बहन ने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।
मामले की जांच जारी है और प्रशासन का कहना है कि कानून के दायरे में रहकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
