बारात में एक गीत बजने को लेकर दलित बारात पर हमला, वीडियो वायरल

शादी से पहले ही संभावित विवाद की आशंका को देखते हुए लड़की के भाई ने थाने में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन समय रहते पर्याप्त एहतियात नहीं बरता गया।

बारात में एक गीत बजने को लेकर दलित बारात पर हमला, वीडियो वायरल
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —

अलीगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के जवाँ थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनैना गांव में मंगलवार देर रात दलित परिवार की बारात पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से बारात पर हमला करते हुए डीजे और कई कारों में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार दलित दूल्हे की बारात गांव में निर्धारित मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान डीजे पर एक जातिसूचक गीत बजने को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गीत बजने पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट और पथराव में बदल गई। आरोप है कि हमलावरों ने बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला किया और डीजे सहित कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि शादी से पहले ही संभावित विवाद की आशंका को देखते हुए लड़की के भाई ने थाने में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन समय रहते पर्याप्त एहतियात नहीं बरता गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। नगर पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि 24 फरवरी 2026 की देर शाम सुनैना गांव से सूचना मिली थी कि बारात में एक गीत को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। पुलिस ने तत्काल पहुंचकर शांति व्यवस्था कायम कराई और बारात को सुरक्षित उसके गंतव्य तक पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि बारात में मौजूद एक व्यक्ति द्वारा मोबाइल से डीजे पर जातिगत उत्तेजना फैलाने वाला गीत बजाया गया था, जिसका विरोध हुआ। पुलिस ने कहा है कि शांति व्यवस्था भंग करने और सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित किया जा रहा है और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है।