प्रतापगढ़ में 12 लाख की जेवरात लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; आभूषण भी बरामद
उप्र की प्रतापगढ़ पुलिस ने आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में 2 अगस्त को हुई करीब 12 लाख रुपये के जेवरात की लूट का खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र की प्रतापगढ़ पुलिस ने आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में 2 अगस्त को हुई करीब 12 लाख रुपये के जेवरात की लूट का खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इनमें से दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया, जबकि दो अन्य को अलग कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने का एक कंगन, चार अंगूठियां, दो जोड़ी टॉप्स, दो जोड़ी झुमके, एक मांग टीका, दो जोड़ी बालियां, तीन चेन, एक लॉकेट तथा बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण शामिल हैं।
गौरतलब है कि 2 अगस्त की रात चार बदमाश एक घर में घुस गए थे। उस समय घर में एक महिला अकेली थी। आरोपियों ने महिला को बंधक बनाकर अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की।
गहन छानबीन और जुटाए गए सुरागों के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा लूटे गए अधिकांश जेवरात भी बरामद कर लिए। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।




