शारदा नदी खतरे के निशान से ऊपर, पलिया में बाढ़ का संकट गहराया
बनबसा बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते जिले की ज्यादातर नदियां उफान पर हैं। पलिया नगर में शारदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पलिया और आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा तेजी से बढ़ गया है।
लखीमपुर-खीरी/जनमत न्यूज। बनबसा बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते जिले की ज्यादातर नदियां उफान पर हैं। पलिया नगर में शारदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पलिया और आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा तेजी से बढ़ गया है। हालात यह हैं कि पिछले साल जैसी भयावह स्थिति की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आज रात से अब तक 17 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने अलर्ट जारी करते हुए पलिया-भीरा मार्ग पर बह रहे बाढ़ के पानी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। फिलहाल दर्जनों गांव बाढ़ की जद में आने के कगार पर हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली बार नहीं है। हर बरसात में जिले की कम से कम पांच तहसीलें बाढ़ की मार झेलती हैं। करोड़ों रुपए बाढ़ प्रबंधन पर खर्च होने के बावजूद जिला प्रशासन की ठोस नीति का अभाव लोगों को संकट से उबार नहीं पा रहा है। स्थानीय निवासियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक योजना बनाई जाए, ताकि हर साल बाढ़ के दौरान जनता को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

Janmat News 
