प्रतापगढ़ में किन्नरों के दो गुटों में विवाद, सड़क पर डेढ़ घंटे तक नग्न प्रदर्शन
प्रतापगढ़ के मानिकपुर नगर में मंगलवार को किन्नरों के दो गुटों के बीच दुकानों से वसूली को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने सड़क पर नग्न प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद प्रतापगढ़ के मानिकपुर नगर में मंगलवार को किन्नरों के दो गुटों के बीच दुकानों से वसूली को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने सड़क पर नग्न प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हंगामे के कारण गोतनी रोड पर आवागमन बाधित रहा और लोग शर्मसार होकर रास्ता बदलने को मजबूर हो गए।
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर थाना क्षेत्र की वृद्ध किन्नर अनारकली की मृत्यु के बाद क्षेत्र में किन्नरों का दो गुट सक्रिय हो गया है। एक गुट अनारकली समर्थक है, जबकि दूसरा गुट पनिगांव निवासी रेखा देवी का है। दोनों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।
मंगलवार को रेखा देवी अपने साथियों के साथ मानिकपुर नगर के सभागंज चौराहे पर दुकानों से वसूली करने पहुंचीं। इसका विरोध अनारकली गुट के किन्नरों ने किया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और झड़प में बदल गया।
स्थिति बिगड़ने पर दोनों गुटों के किन्नरों ने कपड़े उतारकर ताली बजाते हुए नग्न प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन किन्नरों के उग्र रूप को देख असहाय बनी रही।
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस तांडव के बाद प्रयागराज से किन्नर समाज की मुखिया मुस्कान नंद गिरी मौके पर पहुंचीं। पहले उन्होंने भी ताली बजाकर उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन बाद में पुलिस के साथ मिलकर दोनों गुटों को बातचीत के लिए थाने ले जाया गया।

Janmat News 
