कानपुर देहात: विधानसभा चुनाव को लेकर रालोद ने कसी कमर, ईको पार्क में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

कानपुर देहात जनपद के के माती स्थित ईको पार्क में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कानपुर देहात: विधानसभा चुनाव को लेकर रालोद ने कसी कमर, ईको पार्क में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित
Published By- Diwaker Mishra

कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट  

कानपुर देहात /जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक संग्राम चरम पर पहुंच गया है। सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी ज़मीन तैयार करने में जुटे हैं, वहीं सत्ता पक्ष की गठबंधन पार्टियां भी सूबे में अपना प्रभाव बढ़ाने की पुरजोर कवायद कर रही हैं।

इसी कड़ी में कानपुर देहात जनपद के के माती स्थित ईको पार्क में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महासचिव विमलेश पाठक ने किया। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष और कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चौधरी चरण सिंह की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को हर बूथ पर मजबूत करने का आह्वान किया।

यूपी मे 2027 के चुनावी संग्राम को लेकर कानपुर देहात का माती ईको पार्क आज राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ताओं के जोश और नारों से गूंज उठा। पार्टी के संगठनात्मक अभियान के तहत आयोजित इस कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी का जोरदार स्वागत किया गया।

प्रदेश महासचिव विमलेश पाठक के कुशल संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व सांसदों समेत कई दिग्गज नेता मंच पर मौजूद रहे। नेताओं ने बागपत से बलिया और गाजियाबाद से सोनभद्र तक संगठन को गांव-गांव में धार देने की रणनीति साझा की।

​उन्होंने कहा कि "हम बागपत से बलिया तक और गाजियाबाद से सोनभद्र, गाजीपुर तक राष्ट्रीय लोक दल को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। हम प्रदेश की सभी 403 सीटों पर काम कर रहे हैं।

यूपी का ऐसा कोई जिला या गांव नहीं है जहां चौधरी चरण सिंह जी को मानने वाले न हों, हम उन्हें एकत्र कर रहे हैं। जयंत चौधरी जी को ताकत देकर 2027 में एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का प्रयास है। सीट शेयरिंग के सवाल पर- कहां नल गलेगा और कहां कमल खिलेगा, यह बाद में तय होगा।"

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए टीम आरएलडी ने एक व्यापक संगठनात्मक अभियान शुरू किया है। केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी हर बूथ पर युवाओं और कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को अजय बनाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि "चुनाव को देखते हुए हमने एक संगठनात्मक अभियान शुरू किया है। टीम आरएलडी आने वाले समय में ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं को जोड़ेगी और हर बूथ को मजबूत करेगी। जयंत चौधरी जी युवा नेता हैं और युवाओं के मुद्दों को लेकर हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं।"

403 विधानसभा सीटों पर ज़मीनी काम करने और चौधरी चरण सिंह के विचारकों को एकजुट करने का रालोद का यह दांव 2027 के सियासी समीकरणों को कितनी मजबूती देगा, यह तो वक्त बताएगा; लेकिन कानपुर देहात के इस सम्मेलन ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह जरूर भर दिया है।