मुजफ्फरनगर में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन; बीएमआर हॉस्पिटल सीज, जांच के घेरे में तीन अस्पताल
उप्र के मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया के निर्देश पर डॉ. एसीएमओ अजय कुमार एवं डॉक्टर एसीएमओ मैक्सिंग की टीम ने गुरुवार सुबह निजी अस्पतालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया के निर्देश पर डॉ. एसीएमओ अजय कुमार एवं डॉक्टर एसीएमओ मैक्सिंग की टीम ने गुरुवार सुबह निजी अस्पतालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
विभागीय टीम ने अलग-अलग अस्पतालों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं, दस्तावेजों, दवाइयों और आवश्यक अनुमतियों की जांच की। कार्रवाई के दौरान बीएमआर हॉस्पिटल में बड़ी मात्रा में ऐसी दवाइयां मिलने की बात सामने आई, जिनके बिल उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
इसके साथ ही मौके पर डॉक्टर की उपस्थिति भी नहीं मिलने की जानकारी है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सीज कर दिया। वहीं न्यू लाइफ चैरिटेबल हॉस्पिटल के निरीक्षण के दौरान फायर एनओसी से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले।
विभाग ने अस्पताल को 7 दिन का नोटिस जारी किया है। निर्धारित अवधि में फायर एनओसी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग की ओर से अग्रिम कार्रवाई की बात कही गई है। इसके अलावा मुस्कान हॉस्पिटल में किए गए इलाज को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता दिखाई है।
विभागीय टीम ने इलाज से संबंधित दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच में यदि अनियमितताएं सामने आती हैं तो अस्पताल के खिलाफ भी आगे बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
एक ही दिन में तीन अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। अब देखने वाली बात होगी कि जांच पूरी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और किन अस्पतालों पर आगे क्या कार्रवाई की जाती है।




