धान की मड़ाई के दौरान थ्रेसर पलटने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
किशोर के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक दो भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था।
औरैया/जनमत न्यूज़। थाना क्षेत्र के हरदू (कुंअरपुर) गांव में धान की मड़ाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई। हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक विकास पुत्र प्रकाश, निवासी ग्राम हरदू, कक्षा नौ का छात्र था। वह मजदूरी करने के लिए खेतों में धान की मड़ाई में शामिल हुआ था। शाम करीब 6 बजे अचानक काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मड़ाई के लिए लगाए गए थ्रेसर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया, जिससे विकास उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना होते ही मौके पर हड़कंप मच गया। ट्रैक्टर मालिक और किशोर की मां सुधा देवी तुरंत उसे लेकर मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। किशोर के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक दो भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटा था। उसकी बहनों के नाम आरती, लक्ष्मी, सरस्वती और पूजा बताए गए हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण इस दर्दनाक घटना से व्यथित हैं।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि घटना की सूचना थाने पर नहीं दी गई थी। जानकारी मिली है कि थ्रेसर पलटने से किशोर की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम तिर्वा पुलिस के माध्यम से कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
