प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर लगा 7 किमी लंबा जाम
प्रयागराज में मौनी अमावस्या के स्नान के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर गंभीर जाम की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भूपियामाऊ चौराहे से यातायात को डायवर्ट किया और भतगढ़ के बाद बॉर्डर को सील कर दिया।

प्रतापगढ़/जनमत। प्रयागराज में मौनी अमावस्या के स्नान के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर गंभीर जाम की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भूपियामाऊ चौराहे से यातायात को डायवर्ट किया और भतगढ़ के बाद बॉर्डर को सील कर दिया। प्रतापगढ़ जिले में करीब एक लाख श्रद्धालुओं को विभिन्न स्थानों पर रोका गया है। जिन्हें लगभग 12 घंटे बाद धीरे-धीरे आगे जाने की अनुमति दी गई। सूरत से आए श्रद्धालु वेद प्रकाश उपाध्याय ने व्यवस्था की कमियों को उजागर करते हुए बताया कि प्रयागराज से 7 किलोमीटर के जाम में श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने 5000 करोड़ रुपए के खर्च करने के बावजूद अव्यवस्था पर सवाल उठाए। सीओ सिटी शिव नारायण वैश्य के अनुसार, श्रद्धालुओं की अत्यधिक संख्या को देखते हुए उन्हें फ्लाईओवर और प्रतापगढ़ बाईपास के माध्यम से सुल्तानपुर रोड की ओर भेजा जा रहा है। श्रद्धालुओं को एयरटेल ग्राउंड, रैन बसेरा, रामलीला मैदान, कुंडा तहसील और रानीगंज तहसील क्षेत्र में ठहराया गया। शाम तक स्थिति सामान्य होने लगी और यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाया गया।
REPORTED BY - VIKAS GUPTA
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR