बरेली: पारिवारिक विवाद सुलझाने बैठी पंचायत में खूनी खेल, दामाद ने की सास और साले की हत्या

उप्र के बरेली जनपद में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस समय खून-खराबे में बदल गई, जब गुस्से में बेकाबू दामाद ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

बरेली: पारिवारिक विवाद सुलझाने बैठी पंचायत में खूनी खेल, दामाद ने की सास और साले की हत्या
Published By- Diwaker Mishra

बरेली से अनूप रायजादा की रिपोर्ट

बरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के बरेली जनपद में पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस समय खून-खराबे में बदल गई, जब गुस्से में बेकाबू दामाद ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस हमले में उसकी सास और साले की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। अचानक चाकू निकालकर किया ताबड़तोड़ हमला करने को लेकर पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी फैल गई। मामला बरेली के थाना इज्जतनगर  क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी का है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी अफसर खान का अपनी 24 वर्षीय पत्नी शायमा से काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के परिजन और गांव के लोग पंचायत में जुटे थे। पंचायत के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और माहौल अचानक गरमा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान अफसर खान ने अचानक अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद लोगों पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। सबसे पहले उसने अपनी 45 वर्षीय सास आसमा पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अस्पताल पहुंचते ही सास और साले की मौत

घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आसमा और आदिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आरोपी की पत्नि शायमा को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डबल मर्डर की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास जमा हो गए।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। एडीजी (जोन) रमित शर्मा, एसएसपी बरेली और अन्य पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद इस घटना की मुख्य वजह सामने आ रहा है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।