मिर्जापुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद वारदात

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और नामजद तहरीर भी प्राप्त हो चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मिर्जापुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, CCTV में कैद वारदात
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मिर्जापुर से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —

मिर्जापुर/जनमत न्यूज। जनपद मिर्जापुर में उस समय सनसनी फैल गई जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक वकील की घर के सामने ही दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारूपुर निवासी राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह सुबह टहलने के लिए अपने घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और देसी तमंचे से सटाकर उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि मृतक राजीव सिंह वर्तमान में विंध्याचल थाना क्षेत्र के देवरी गांव में प्रधान पति भी थे। प्रारंभिक जांच में प्रधानी की रंजिश को हत्या का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और नामजद तहरीर भी प्राप्त हो चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी मृतक पर जानलेवा हमला किया गया था, लेकिन उस समय हमलावर सफल नहीं हो पाए थे। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।