दो पक्षों में हुई फायरिंग में घर के बहार बैठी महिला को लगी गोली 

जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के नगला समन गांव में दो पक्षों के विवाद में गोली चल गई। फायरिंग के दौरान घर के बाहर बैठी महिला को गोली लग गई।

दो पक्षों में हुई फायरिंग में घर के बहार बैठी महिला को लगी गोली 
REPORTED BY - NAND KUMAR, PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

एटा/जनमत। जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के नगला समन गांव में दो पक्षों के विवाद में गोली चल गई। फायरिंग के दौरान घर के बाहर बैठी महिला को गोली लग गई। महिला को गोली लगने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तत्काल कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायल महिला को इलाज के लिए एटा स्थित वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।जानकारी के अनुसार गांव के ही दो पक्षों के युवकों में किसी बात पर विवाद शुरू हुआ और विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग होने लगी। फायरिंग के दौरान ही घर के बाहर बैठी महिला कुसुमा देवी पत्नी कालीचरण उम्र 58 वर्ष को गोली लग गई। गोली चलने के बाद गांव में अफरा तफरी का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद एटा के अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह जिला मेडिकल कालेज पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए घायल महिला का हालचाल जाना है। घायल महिला के बेटे गोविंद यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव के कुछ युवकों और बाहर के युवकों के बीच लड़ाई झगड़ा हो गया। इसी बीच गोली चलने की आवाज आई। मेरी मां बाहर बैठी थी इनको आंख के नजदीक गोली लगी है।इलाज के लिए अस्पताल लाए है। गांव में दहशत का माहौल है।
मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक राजकुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।