मिर्ज़ापुर: 30 वर्ष पुराना पेड़ काटा, सभासद पति पर आरोप; वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
उप्र के मिर्ज़ापुर शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित मोर्चाघर ग्राउंड में लगभग 25-30 वर्ष पुराने हरे-भरे चिलबिल के पेड़ को काट दिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
मिर्ज़ापुर से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट
मिर्ज़ापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मिर्ज़ापुर शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित मोर्चाघर ग्राउंड में लगभग 25-30 वर्ष पुराने हरे-भरे चिलबिल के पेड़ को काट दिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने सभासद पति शशिधर साहू पर पेड़ कटवाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विशालकाय हरे पेड़ को जबरन दबंगई दिखाकर काट दिया गया।
लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी थी कि दशकों पुराने पेड़ को काटना पड़ा और संबंधित वन विभाग को कानों-कान खबर तक नहीं हुई। हरे पेड़ की कटाई को लेकर वन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि बिना अनुमति इतने पुराने पेड़ की कटाई कैसे संभव हुई, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पेड़ कटान की घटना से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
लोगों ने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पर्यावरण प्रेमियों ने भी घटना पर रोष जताते हुए कहा कि हरियाली को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
इस संबंध में वन विभाग का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं मिल सका है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।


