प्रतापगढ़: मोहर्रम पर कुंडा में हाई अलर्ट, राजा भैया के पिता दूसरे दिन भी रहे नजरबंद

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा क्षेत्र में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए।

प्रतापगढ़: मोहर्रम पर कुंडा में हाई अलर्ट, राजा भैया के पिता दूसरे दिन भी रहे नजरबंद
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट  

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा क्षेत्र में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। कुंडा विधायक राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को दूसरे दिन भी नजरबंद रखा गया। 

प्रशासन के आदेशानुसार, उन्हें गुरुवार सुबह 5 बजे से शुक्रवार रात 9 बजे तक पुलिस निगरानी में रखा गया है। कुंडा कोतवाली क्षेत्र में कुल 46 सुरक्षा प्वाइंट बनाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 150 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की एक कंपनी तैनात की गई है। इसके अतिरिक्त, एक सीओ, छह इंस्पेक्टर, 30 उपनिरीक्षक, 40 हेड कांस्टेबल, 80 कांस्टेबल, 30 महिला आरक्षी और तीन फायर टेंडर भी लगाए गए हैं।

वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।  शेखपुर आशिक गांव पिछले कई वर्षों से मोहर्रम के दौरान संवेदनशील माना जाता है। वर्ष 2012 में सड़क किनारे एक बंदर की मौत के बाद वहां हनुमान मंदिर का निर्माण हुआ था।

राजा उदय प्रताप सिंह की ओर से हर साल मोहर्रम के दिन ही इस मंदिर पर हनुमान पाठ और भंडारे का आयोजन कराया जाता है। वर्ष 2015 में हनुमान मंदिर पर भंडारे और झंडा लगाए जाने को लेकर मुस्लिम समुदाय ने विरोध जताया था, जिसके बाद उन्होंने ताजिया नहीं उठाया।

इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। तब प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद अगले दिन ताजिया दफन कराया गया था। इसके बाद 2016 में भी प्रशासन ने भंडारे की अनुमति नहीं दी थी।

यह मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा, लेकिन न्यायालय ने अंतिम निर्णय जिला प्रशासन के विवेक पर छोड़ दिया। तब से हर वर्ष मोहर्रम के दौरान एहतियातन राजा उदय प्रताप सिंह को नजरबंद किया जाता है और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मोहर्रम का जुलूस संपन्न कराया जाता है।

प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि नजरबंद किए गए सभी लोगों के घरों पर पुलिस बल तैनात है और पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।