संभल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक, तीन गंभीर घायल; एक को हायर सेंटर रेफर
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन आम बात है, जिसके कारण हादसों की संभावना बनी रहती है।
संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —
संभल/जनमत न्यूज। थाना कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र में मंगलवार को बदायूं–दिल्ली हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मिट्टी से लदे ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और राहगीरों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को अपनी गाड़ी से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर बताई। इनमें से एक युवक की स्थिति अत्यधिक नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन आम बात है, जिसके कारण हादसों की संभावना बनी रहती है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचकर घायलों के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

Janmat News 
