सोशल मीडिया पर वायरल स्टंट वीडियो पर पुलिस सख्त, नाबालिगों की फोर व्हीलर स्टंटबाजी पर कार्रवाई
वायरल वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों की पहचान की और कई गाड़ियों का चालान किया। पुलिस द्वारा भारी जुर्माना लगाए जाने के साथ वाहन स्वामियों और युवकों को कड़ी चेतावनी भी दी गई है।
बांदा से दुर्गेश कश्यप की रिपोर्ट —
बांदा/जनमत न्यूज। सोशल मीडिया पर फोर व्हीलर गाड़ियों के काफिले में स्टंट करते युवकों का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई की है। यह मामला बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत का बताया जा रहा है, जहां भीड़भाड़ वाले इलाके में सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं।
जानकारी के अनुसार, फोरवेल पार्टी के दौरान कई फोर व्हीलर गाड़ियों के काफिले में नाबालिग युवक खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करते नजर आए। इन युवकों ने सार्वजनिक मार्ग पर तेज रफ्तार, अचानक ब्रेक, वाहन लहराना और नियमों की अनदेखी कर न केवल अपनी बल्कि आम नागरिकों की जान को भी खतरे में डाल दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों की पहचान की और कई गाड़ियों का चालान किया। पुलिस द्वारा भारी जुर्माना लगाए जाने के साथ वाहन स्वामियों और युवकों को कड़ी चेतावनी भी दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना और सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी गंभीर अपराध है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने के लिए इस तरह की लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह गंभीर हादसों को भी न्योता देती है। भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और इस तरह की खतरनाक गतिविधियों से दूर रहें, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

Janmat News 
