मुजफ्फरनगर: सिंचाई विभाग में चपरासी से मारपीट का आरोप, विभागीय शिकायत के बाद भी कार्रवाई पर सवाल
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के सिंचाई विभाग में कार्यरत चपरासी के साथ ड्यूटी के दौरान कथित मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के सिंचाई विभाग में कार्यरत चपरासी के साथ ड्यूटी के दौरान कथित मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। बढ़ाना खुर्द निवासी शिमला पत्नी स्वर्गीय चन्द्रमान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक 11 सितंबर को सिंचाई विभाग में चपरासी के पद पर कार्यरत उनके परिजन ड्यूटी पर थे। आरोप है कि इसी दौरान सतेन्द्र पुत्र विशाल सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की और कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि घटना की शिकायत सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारी से भी की गई, लेकिन विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद बुढ़ाना पुलिस चौकी और थाना तितावी में भी शिकायत किए जाने की बात कही गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान सतेन्द्र के साथ उसका पुत्र विशाल भी मौके पर आया और कथित रूप से शराब के नशे में अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को धमकियां दी गईं।
विभाग की भूमिका पर भी उठे सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि सिंचाई विभाग के कर्मचारी के साथ ड्यूटी के दौरान मारपीट की शिकायत विभागीय अधिकारियों को दी गई थी, तो विभाग ने अब तक क्या कार्रवाई की? क्या घटना की विभागीय जांच कराई गई? क्या आरोपी कर्मचारियों/व्यक्तियों के खिलाफ कोई रिपोर्ट या कार्रवाई प्रस्तावित की गई?
पीड़िता ने एसएसपी से मामले की जांच कराकर कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस और सिंचाई विभाग इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं।
नोट: खबर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं; आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस/विभागीय जांच का परिणाम सामने आना बाकी है।




