फतेहपुर में लक्ष्य के सापेक्ष 82 प्रतिशत धान खरीद पूर्ण, किसानों को बिचौलियों से मिली राहत
उप्र के फतेहपुर जनपद में किसानों को धान का उचित मूल्य दिलाने के लिये 85 धान क्रय केंद्रों के माध्यम में तेजी से खरीद की जा रही है।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद में किसानों को धान का उचित मूल्य दिलाने के लिये 85 धान क्रय केंद्रों के माध्यम में तेजी से खरीद की जा रही है। इस बार जनपद को एक लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य मिला है जिसके सापेक्ष अभी तक 82 हज़ार मीट्रिक टन से ऊपर की तौल हो चुकी है।
किसान 2369 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य में टोकन लेकर अपना धान बेच रहे हैं। धान बिक्री के 48 घंटे के अंदर किसानों के खातों में सीधे आधार लिंक वाले बैंक एकाउंट में धनराशि भेजी जा रहीं है ताकि किसानों को धान बेचने के बाद पूरा समर्थन मूल्य पाने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
धान की खरीद में तेजी लाने के लिए 20 क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ा दी गई है। पहले क्रय केंद्रों की संख्या 65 थी जो बढ़ाकर 85 कर दी गई है। इसके अलावा धान की खरीद से बिचौलियों को दूर रखा गया है और इसकी निगरानी भी की जा रही है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी समीर शुक्ला ने बताया कि जनपद फतेहपुर में 85 धान क्रय केन्द्र संचालित है। क्रय लक्ष्य एक लाख मीट्रिक टन का है जिसके सापेक्ष 82 हज़ार मीट्रिक टन का क्रय लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है। क्रय केंद्रों पर समस्त व्यवस्थाएं सुचारू रूप से है। शासन से प्राप्त मानकों के अनुरूप ही धान की खरीद की जा रही है और समय से किसानों को भुगतान भी किया जा रहा है।

Janmat News 
