मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘मिशन शक्ति-5.0’ का किया शुभारंभ
‘मिशन शक्ति-5.0’ का उद्देश्य महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। इस चरण के तहत सुरक्षा अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, परामर्श शिविर, हेल्पलाइन सेवाओं के विस्तार तथा महिला स्वावलंबन योजनाओं को और व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा।

लखनऊ/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज ‘मिशन शक्ति-5.0’ का शुभारंभ अपने कर कमलों से किया। राजधानी लखनऊ में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण, मुख्य सचिव, डीजीपी समेत बड़ी संख्या में अधिकारीगण और महिला पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी राजीव कृष्ण, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य सहित यूपी भर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
‘मिशन शक्ति-5.0’ का उद्देश्य महिलाओं एवं बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। इस चरण के तहत सुरक्षा अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, परामर्श शिविर, हेल्पलाइन सेवाओं के विस्तार तथा महिला स्वावलंबन योजनाओं को और व्यापक स्तर पर लागू किया जाएगा। इस कार्यक्रम में यूपी पुलिस की महिला अधिकारियों की भी सक्रिय मौजूदगी रही। इसके अलावा लखनऊ से सुषमा खर्कवाल ने भी कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। मिशन शक्ति जैसे कार्यक्रम समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने और उनकी प्रगति के नए अवसर खोलने का काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को सशक्त करने तथा महिला सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देती है और पुलिस विभाग को आधुनिक संसाधनों से सशक्त किया जा रहा है।