सहारनपुर में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा ज्ञापन
उप्र के बाराबंकी जिले में नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रोके जाने और कथित पथराव की घटना के विरोध में सहारनपुर में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बाराबंकी जिले में नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रोके जाने और कथित पथराव की घटना के विरोध में सहारनपुर में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
हकीकत नगर स्थित धरना स्थल से कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला और सहारनपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान करीब एक घंटे तक कलेक्ट्रेट गेट के बाहर नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों से ज्ञापन लिया।
पार्टी नेताओं का कहना है कि चंद्रशेखर आजाद गोंडा में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, इसी दौरान बाराबंकी में उनके काफिले को रोका गया और बाद में पथराव की घटना सामने आई। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।




