चीनी मिल में पानी की टंकी गिरने से एक की मौत दो मज़दूर घायल
केएम चीनी मिल में पानी की टंकी गिर गई। इसमें दबकर तीन कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गए। तीनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। जबकि दो मजदूरों का इलाज अस्पताल में जारी है।

अयोध्या/जनमत। जनपद के थाना पूराकलंदर क्षेत्र में केएम शुगर मिल में भीषण हादसा हो गया। यहां केएम चीनी मिल में पानी की टंकी गिर गई। इसमें दबकर तीन कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गए। तीनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां एक मजदूर ने दम तोड़ दिया। जबकि दो मजदूरों का इलाज अस्पताल में जारी है। दरअसल सुबह मिल में मजदूर काम कर रहे थे। इसी समय पानी की टंकी गिर गई। घटना के बाद मौके पर अपरातफरी मच गई। जानकारी मिली तो चीनी मिल प्रबंधन की ओर से बचाव कार्य शुरू किया गया। क्रेन की मदद से मलबे को हटाया गया। इसमें दबे कर्मियों को बाहर निकालकर चीनी मिल के वाहनों से अस्पताल भेजा गया।
बता दें कि अस्पताल में अयोध्या के सरियावां, पूराकलंदर निवासी इलेक्ट्रीशियन प्रवेश रावत की मौत हो गई। जबकि, देवरिया के कोहिलावा निवासी मैकेनिक विनोद कुमार और अयोध्या के कर्मा कोडरी निवासी इलेक्ट्रीशियन नंदकुमार पांडेय घायल हैं। घटना की सूचना पर दोनों मजदूरों को देखने जिला अस्पताल में एसडीएम सदर विकास धर दुबे व सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी पहुंचे। घायलों के बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर को निर्देश दिया।
REPORTED BY - AZAM KHAN
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR