प्रतापगढ़: साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, 42.65 करोड़ की ठगी का खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के क्राइम ब्रांच ने संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रतापगढ़: साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, 42.65 करोड़ की ठगी का खुलासा; दो आरोपी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के क्राइम ब्रांच ने संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी फर्मों के नाम पर करेंट और कॉर्पोरेट बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन सट्टेबाजी, ट्रेडिंग फ्रॉड, कोरियर ठगी और वायरसयुक्त APK के जरिए होने वाली साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाकिब खान निवासी फ्रेजर रोड, पटना और संदीप कुमार निवासी बंदर बगीचा, पटना के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लैपटॉप, POS मशीन, छह मोबाइल, छह पेन ड्राइव, कार्ड रीडर, डिजिटल सिग्नेचर डिवाइस, चिप, चेकबुक, एटीएम और QR कोड समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

मामले की शुरुआत 16 जुलाई को कोतवाली देहात में दर्ज साइबर फ्रॉड की शिकायत से हुई थी। भुवालपुर डोमीपुर निवासी डॉ. सुमनेश सिंह के बैंक खाते से 2.50 लाख रुपए निकाले गए थे।

पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी जाली किरायानामा, फर्जी उद्यम, MSME और GST दस्तावेजों के जरिए कर्मचारियों व परिचितों के नाम पर फर्में बनवाते थे। इन्हीं के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम मंगाई जाती थी और कमीशन लिया जाता था। एक ही पते और मोबाइल नंबर पर कई फर्मों का पंजीकरण मिला।

प्रारंभिक जांच में 109 फर्मों के खातों से करीब 42.65 करोड़ रुपए के लेन-देन का पता चला है। समन्वय पोर्टल पर ये खाते और मोबाइल नंबर देशभर की 500 से अधिक साइबर अपराध शिकायतों से जुड़े मिले हैं। पुलिस अन्य राज्यों की साइबर इकाइयों से समन्वय कर जांच आगे बढ़ा रही है।