दरोगा पर शराब मांगने का आरोप, ऑडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

दरोगा द्वारा शराब न देने पर कार्रवाई की धमकी दिए जाने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि शराब की मांग पूरी न होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजने की बात कही गई।

दरोगा पर शराब मांगने का आरोप, ऑडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में तैनात एक दरोगा पर गंभीर आरोप लगने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। दरोगा जगदीश वर्मा का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कैंटीन संचालक से 20 क्वार्टर शराब की मांग करते सुनाई दे रहे हैं।

वायरल ऑडियो में कथित रूप से दरोगा द्वारा शराब न देने पर कार्रवाई की धमकी दिए जाने की बात सामने आ रही है। आरोप है कि शराब की मांग पूरी न होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजने की बात कही गई। ऑडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।

बताया जा रहा है कि यह मामला कायमगंज कोतवाली क्षेत्र का है, जहां दरोगा जगदीश वर्मा वर्तमान में तैनात हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन प्रकरण ने पुलिस कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि ऑडियो सही पाया जाता है तो यह पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला गंभीर मामला है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल ऑडियो की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रकरण चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।