संभल में फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर 24 लाख की वसूली मांगने वाला युवक गिरफ्तार
उप्र के संभल जनपद में खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर अवैध वसूली करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर अवैध वसूली करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। थाना नखासा क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से फर्जी वसूली गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत नखासा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक ग्राम अख्तियारपुर तगा निवासी व्यक्ति को धमकाकर दो करोड़ रुपये के कथित कालेधन का हवाला देते हुए 12 प्रतिशत यानी 24 लाख रुपये की मांग कर रहा है।
आरोपी ने इनकम टैक्स विभाग का फर्जी नोटिस दिखाकर कार्रवाई से बचाने का झांसा दिया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और मामला सही पाए जाने पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया,
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहित उर्फ प्रिंस पुत्र पुष्पोत्म निवासी ग्राम टिल्लूपुरा थाना नखासा के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया है।
अधिकारियों ने कहा कि आम जनता से अपील है, कि इस तरह के किसी भी फर्जी अधिकारी या कोई वसूली की कोशिश करे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Janmat News 
