रामपुर: 25 हजार का इनामी गैंगस्टर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
उप्र के रामपुर जनपद में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को शाहबाद कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
रामपुर से अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के रामपुर जनपद में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को शाहबाद कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार थाना शाहबाद में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित अभियुक्त शरीफ पुत्र सूखा निवासी ग्राम ओसी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
रविवार देर रात थाना शाहबाद पुलिस और एसओजी टीम ग्राम खंजीपुरा से नादरगंज मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया, जिससे बाइक गिर गई। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल बदमाश की पहचान शरीफ पुत्र सूखा निवासी ग्राम ओसी, थाना शाहबाद के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, सीएस एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में एसओजी टीम के साथ उपनिरीक्षक कपिल कुमार, उपनिरीक्षक अतिशय जैन, हेड कांस्टेबल धीरज कुमार, हेड कांस्टेबल नरदेव सिंह तथा कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे।

Janmat News 
