बांदा से आशीष सागर दीक्षित की रिपोर्ट —
बांदा / जनमत न्यूज। समाज को झकझोर देने वाले एक गंभीर मामले में बांदा पुलिस ने शादीशुदा बहन को रुपये के लालच में बेचकर जबरन दूसरा विवाह कराने वाले भाई को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) द्वारा मानव तस्करी और बाल संरक्षण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम, किशोर न्याय संरक्षण, बाल विवाह और मानव तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत 4 अप्रैल 2026 को थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की टीम ने आरोपी भाई को गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद चित्रकूट की एक महिला ने 22 नवंबर 2025 को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, बांदा में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 20 नवंबर 2025 को उसकी मां मुन्नी और भाई जयनारायण उसे बांदा लेकर आए और हरियाणा के एक व्यक्ति को 1 लाख 38 हजार रुपये में बेच दिया, जिसके बाद उसकी जबरन शादी करा दी गई। पीड़िता पहले से ही शादीशुदा थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पीड़िता के बयान, भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी जगनारायण उर्फ जयनारायण पुत्र मुन्नीलाल निवासी ग्राम डाडी चमरौडी, थाना मानिकपुर, जनपद चित्रकूट को कालू कुआं रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें कृष्ण कुमार पुत्र शिवराम निवासी ग्राम वासवार, थाना हसनपुर, जिला पलवल (हरियाणा) और बलराम पुत्र राजेन्द्र निवासी ग्राम बडोकी, थाना हसनपुर, जिला पलवल (हरियाणा) शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस इस पूरे प्रकरण से जुड़े मानव तस्करी के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को समय रहते संरक्षण मिल सका और आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया गया। इस संबंध में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, बांदा में मु0अ0सं0 04/25 धारा 143(2)/336(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।