बारात में स्कूटी हटाने को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, सीसीटीवी की मदद से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। फुटेज में आरोपी संदीप यादव मृतक के साथ दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे चिन्हित कर बुधवार को उसके घर मढ़िया से गिरफ्तार कर लिया।
चंदौली/जनमत न्यूज। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में बीते दिनों संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज से मिली ठोस जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने इसे तकनीकी संसाधनों की मदद से की गई महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रोहित साहनी का शव संदिग्ध हालात में मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज की थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। फुटेज में आरोपी संदीप यादव मृतक के साथ दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे चिन्हित कर बुधवार को उसके घर मढ़िया से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बारात के दौरान स्कूटी हटाने को लेकर मृतक रोहित साहनी से उसका विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर रोहित की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में प्रयुक्त ईंट तथा अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Janmat News 
