प्रतापगढ़ में गैंगस्टर एक्ट के 5 अभियुक्त गिरफ्तार, संग्रामगढ़ पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप
अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत संग्रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। जनपद प्रतापगढ़ में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत संग्रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वीरेन्द्र यादव, सागर नाई, रमेश कोहार, अंकुश सिंह और रामेन्द्र सरोज उर्फ पंकज शामिल हैं।
पुलिस ने इन अभियुक्तों को सोना सरैया गांव स्थित गंगा अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ हत्या का प्रयास, गैर इरादतन हत्या तथा गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अभिलेखों के अनुसार वीरेन्द्र यादव पर तीन, सागर नाई पर दो, रमेश कोहार पर चार, अंकुश सिंह पर तीन और रामेन्द्र सरोज उर्फ पंकज पर दो आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी लालगंज Ashutosh Mishra ने बताया कि अभियुक्तों की गतिविधियों पर पुलिस की नजर थी। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। संग्रामगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।

Janmat News 
