अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के थाना बरला क्षेत्र के गांव दिलालपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां जमीन के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपने ही पिता की ईंटों से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली घटना को आरोपी ने अपने बड़े भाई और छोटी बहन के सामने अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव दिलालपुर निवासी उदय सिंह के पास करीब 18 बीघा जमीन थी, जिसे वह पट्टे पर देकर उससे मिलने वाली रकम अपने तीनों बेटों में बराबर बांट दिया करते थे। बताया जा रहा है कि इस बार उन्होंने अपनी जमीन को करीब एक लाख अस्सी हजार रुपये में पट्टे पर दिया, लेकिन किसी कारणवश अपने बेटे संजू को पैसे देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया।
बताया जाता है कि सोमवार को बड़ा बेटा महिपाल और छोटी बेटी रेखा घर पर मौजूद थे। इसी दौरान हाथरस से संजू अपनी पत्नी नीतू के साथ पिता के घर पहुंचा और जमीन में हिस्सेदारी को लेकर विवाद करने लगा। जब पिता उदय सिंह ने जमीन में हिस्सा देने से साफ इनकार कर दिया तो संजू आपा खो बैठा।
आरोप है कि संजू ने अपनी पत्नी नीतू के साथ मिलकर घर की छत पर रखी ईंट उठा ली और अपने पिता के सिर पर लगातार वार करने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी नीतू ने ससुर को पकड़ लिया, जिससे वह बचाव भी नहीं कर सके। पिता पर हो रहे हमले को देखकर जब बड़ा बेटा महिपाल और छोटी बहन रेखा बचाने के लिए आगे आए तो आरोपी दंपति ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और उनकी आंखों के सामने ही उदय सिंह को ईंटों से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
इस खौफनाक घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी की पत्नी नीतू मौके से फरार हो गई, जबकि आरोपी बेटा संजू खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने अपने पिता की हत्या करने की बात कबूल कर ली। बेटे द्वारा हत्या की बात स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी और थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य भी एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बरला राजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि थाना बरला क्षेत्र के गांव दिलालपुर से सूचना मिली थी कि एक बेटे ने अपने पिता के साथ मारपीट की है, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जांच में सामने आया कि बेटे संजू ने अपने पिता उदय सिंह के साथ मारपीट की थी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे संजू को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपी पत्नी की तलाश जारी है।