डुमरियागंज महोत्सव में 240 जोड़ों ने किया सामूहिक महायज्ञ, विश्वशांति व समृद्धि की कामना; भक्तिमय हुआ माहौल
उप्र के सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज के राप्ती नदी तट स्थित परशुराम वाटिका में हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 की पूर्व संध्या पर धर्म रक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित डुमरियागंज महोत्सव 2026 कार्यक्रम आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया।
सिद्धार्थनगर से रमेश शुक्ला की रिपोर्ट
सिद्धार्थनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज के राप्ती नदी तट स्थित परशुराम वाटिका में हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 की पूर्व संध्या पर धर्म रक्षा मंच के तत्वावधान में आयोजित डुमरियागंज महोत्सव 2026 कार्यक्रम आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम बन गया।
कार्यक्रम में 240 जोड़ों ने 30 हवन कुंडों में विधि-विधान से सामूहिक महायज्ञ कर लोक कल्याण, सुख-समृद्धि और विश्वशांति की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य पुजारी आचार्य बृजेश पाठक ने पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह को मुख्य यजमान बनाकर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना कर कराया।
इसके बाद गुरुकुल के 40 बटुकों एवं विद्वान पुरोहितों के निर्देशन में दो चरणों में यज्ञ सम्पन्न हुआ, जिसमें महिला-पुरुष जोड़ों ने पारंपरिक वेशभूषा में आहुति दी। पूरे परिसर में वेद मंत्रों की गूंज और हवन की सुगंध से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
महायज्ञ के दौरान गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय जाप, पुरुषसूक्त, श्रीसूक्त और देवीसूक्त का अखंड पाठ किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र दिव्य ऊर्जा केंद्र में परिवर्तित हो गया।
इसके उपरांत मां भारती की आरती एवं घाटा मेंहदीपुर बालाजी का भव्य श्रृंगार और महाआरती की गई। जागरण कार्यक्रम में राजकुमार पाण्डेय व अन्य कलाकारों ने “बाला जी आयेंगे…”, “अवध में राम आए हैं…” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को राममय बना दिया। श्रद्धालुओं ने भक्ति में लीन होकर जयकारे लगाए।
कार्यक्रम के दौरान विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समापन पर छप्पन भोग अर्पित कर आरती की गई और प्रसाद वितरण हुआ।
इस अवसर पर धर्म रक्षा मंच के संरक्षक व पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और धर्म जागरण का भी संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि हिन्दू नववर्ष हमारी सनातन परंपरा, संस्कृति और राष्ट्र चेतना का प्रतीक है तथा ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने घाटा मेंहदीपुर बालाजी सेवक मंडल बस्ती एवं म्यूजिकल टीम के सदस्यों को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, नरेंद्र मणि त्रिपाठी, डा. दशरथ चौधरी, लवकुश ओझा, धर्मराज वर्मा, चंद्रप्रकाश चौधरी, अजय उपाध्याय, फतेह बहादुर सिंह, हरि सिंह, पप्पू सिंह, मधुसूदन अग्रहरि, अशोक अग्रहरि, पप्पू श्रीवास्तव,
रमेशलाल श्रीवास्तव, शत्रुहन सोनी, दिलीप पाण्डेय उर्फ छोटे, लालजी शुक्ला, संजय मिश्रा, प्रियंका श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव, अमरेंद्र त्रिपाठी, रमेशधर द्विवेदी, अवधेश चौधरी, हरीश पांडे, शिव कुमार दुबे,विनय पाठक,
राजन अग्रहरि, सुगंध अग्रहरि, नीरजमणि त्रिपाठी, शंभू अग्रहरि, दरोगा दुबे, रोहित सोनी, शिवकुमार दुबे, धर्मेश पाण्डेय, प्रेम पाण्डेय, शत्रुघ्न मिश्रा, राजेश शर्मा, अर्जुन, राकेश, कृपाल आदि सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Janmat News 
